गर्मियों में खुद को फिट रखें
गर्मी का मौसम शादियों का मौसम होता है इसके आते ही बहुत सारी बीमारियां भी शुरू हो जाती हैं।इस मौसम में शादियों में लगातार उल्टा सीधा, असमय भोजन करना हमारी मजबूरी बन जाती है जिससे पाचन तंत्र अनियंत्रित हो जाता है और पेट से सम्बंधित समस्या होने लगती है।गर्मी का मौसम वह मौसम होता है जिसमें शरीर को अधिक पानी की आवश्यकता होती है इसकी वजह यह है कि गर्मी की वजह से हमारे शरीर का ज्यादातर पानी पसीने के रूप में बाहर निकल जाता है। ऐसे में यदि हम शरीर की पानी की जरूरत को पूरा नहीं कर पाते तो पेट दर्द, उल्टी, पेचिस,पेट छूटना और कमजोरी जैसी पता नहीं कितनी बीमारियां हमें घेर सकती है ।
शादी विवाह जैसे व्यस्त प्रोग्राम वाले गर्मी के इस मौसम में यदि हम कुछ बातों को ध्यान में रखें तो हम अपने आपको फिट ,तन्दुरुस्त और बीमारियों से दूर रख सकते हैं।
☺ सबसे पहला काम तो यह करें कि आप ज्यादा से ज्यादा पानी पियें। जरूरी नहीं है कि प्यास लगी हो तभी पानी पिएं ।यदि घर से बाहर जा रहे हैं तो कम से कम एक गिलास पानी जरूर पीकर निकलें।
☺एक इंसान को दिन भर में लगभग दस गिलास पानी या पेय पदार्थ लेना जरूरी होता है।
☺ ऐसी चीजें जिसमें पानी की अत्यधिक मात्रा पायी जाती है जैसे खीरा, ककडी, पपीता और तरबूज आदि का सेवन करें।
☺ बेहतर होगा कि बहुत ज्यादा धूप में घर से बाहर न निकलें ।यदि निकलना जरूरी हो तो पतले दुपट्टे या गमछे से सिर और चेहरे को ढककर निकलें।
☺ बाहर जाते समय पानी की बोतल जरूर साथ लेकर जाएं।
☺ पर्याप्त पानी पीने के बावजूद यदि आपकी प्यास न जा रही हो तो समझ जाएं कि आपके शरीर में ग्लूकोज या एनर्जी की कमी हो रही है।ऐसे में तुरन्त ग्लूकोज लें या फिर एक मग पानी में आधा नींबू निचोडकर , थोडा नमक , थोडी चीनी मिलाकर एक से दो गिलास एक एक घण्टे के अन्तराल पर दो तीन बार पिएं।
☺ शादियों में यदि असमय भोजन करना पडे तो बेहद हल्का भोजन करें ताकि आपको अपच जैसी समस्या का सामना न करना पडे।
☺भोजन में अत्यधिक मसालेदार चीजों के सेवन से खुद को रोककर रखें। सलाद का इस्तेमाल ज्यादा से ज्यादा करें।
☺ गर्मी में कोल्डड्रिंक की जगह छाछ या मठ्ठा पीना स्वास्थ्य के लिहाज से अच्छा माना जाता है।
☺ धूप में से आने के तुरन्त बाद फ्रिज का बेहद ठण्डा पानी बिल्कुल भी न पिएं बल्कि खुद का और फ्रिज के पानी का तापमान सामान्य तापमान के करीब आने का इन्तजार करें फिर पिएं।
☺ बाकी के दिनों में यदि आप चावल के साथ चार रोटियां खाते हैं तो गर्मियों में एक रोटी कम कर दें और उसकी जगह पानी या अन्य पेय पदार्थ जैसे जूस आदि लेंगे तो पेट और पाचन सही रहेगा ।
☺ अपनी आँखों को गर्म हवाओं और कडी धूप से बचाने के लिए चश्मे का इस्तेमाल जरूर करें।
☺ लू लगने या एक एक घण्टे के अन्तराल पर तीन बार दस्त होने पर तुरन्त डाक्टर से सम्पर्क करें।
गर्मी के मौसम में हर उम्र के लोगों को विशेष सावधानी बरतने की जरूरत होती है खासकर छोटे बच्चों को। छोटे बच्चों को, खासतौर पर दो से पाँच तक के छोटे बच्चों को रोज नियमित अन्तराल पर ग्लूकोज वाला पानी पिलाते रहें ताकि उनके शरीर की ग्लूकोज और पानी की कमी पूरी होती रहे।
याद रखिए ये छोटी छोटी बातें आपको गर्मी की वजह से होने वाली समस्याओं से बचा सकती हैं।

Comments
Post a Comment
Your comments are precious to us.