नये साल का सेलिब्रेशन

सबसे पहले आप सबको नये साल ढेर सारी बधाइयां।
जैसे ही क्रिसमस का त्योहार बीतता  है नये साल की तैयारियां जोर पकड लेती हैं। नये साल में कुछ अच्छा होगा , अच्छी खबरें सुनने को मिलेंगी और जीवन के एक ऐसे नये वर्ष की शुरुआत होगी जिसमें पिछले साल की असफलताओं को सफलता में बदलने का प्रयास किया जाएगा। सच पूछिए तो यही कोशिश भी होनी चाहिए कि पिछले दिनों में जो कुछ बुरा हुआ है आने वाले नये वर्ष में उसे ठीक किया जाए, रिश्तों में कडवाहट आयी हो तो उसमें कुछ मिठास घोली जाए और एक दूसरे से हुई हर नफरत और द्वेष को पीछे छोडकर एक नये सिरे से जीवन की शुरुआत की जाए।

ये तो हुआ नया साल मनाने का उद्देश्य जो कि हर इंसान का होना चाहिए लेकिन ऐसा होता नहीं है। हममें से कुछ ही ऐसे लोग होंगे जो इस तरह की सोच रखते होंगे। आजकल शहरों में खासकर युवाओं में जिस तरह से नया साल सेलिब्रेट किया जाता है वह वाकई में मन को दुखी करता है। आजकल युवा पीढी में ज्यादातर युवा ऐसे हैं जो नये साल के मौके पर शराब और नशे वाली पार्टियों का आयोजन करते हैं और इस पार्टी की आड में वो हर अपराध करते हैं जो खुद उन्हें ही नुकसान पहुँचाता है।

नये साल की खुशी में शराब पीना या गन्दी हरकतें करना आम हो गया है। कभी कभी तो जो लोग शराब पीते हैं ऐसे दोस्तों को भी जबरदस्ती शराब पिलाने का प्रयास करते हैं जिन्होंने कभी भी पहले नहीं पी है। लडकियों के साथ छेडखानी करते हैं और हद तो तब हो जाती है जब नशे में युवा किसी मासूम लडकी का बलात्कार तक कर देते हैं। आखिर यह काहे का सेलिब्रेशन है जिसमें खुशी के कम और आपराधिक काम ज्यादा किए जाते हैं।

इसमें युवाओं का बहुत दोष नहीं नहीं है क्योंकि वे उम्र के ऐसे पडाव पर होते हैं जहाँ वे एन्जाव करना चाहते है खुल के जिन्दगी जीना चाहते हैं , अब क्या अच्छा है और क्या बुरा उन्हें फर्क नहीं पडता लेकिन हर परिवार या पैरेंट्स की जिम्मेदारी है कि वो अपने बच्चों पर नजर जरूर रखें। हम पाबंदी लगाने या सख्ती बरतने की बात नहीं कर रहे हैं बस आपको इतनी खबर जरूर होनी चाहिए कि आपके बच्चे कर क्या रहे हैं। जिन बच्चों पर ध्यान नहीं दिया जाता वे यूँ ही शराब, ड्रग्स या अन्य नशे के आदी हो जाते हैं और गलत संगत पाकर गलत काम करते हैं जिसका खामियाजा आगे चलकर पैरेंट्स को ही भुगतना पडता है।

इसलिए नया साल खुशी से और खुल के मनाइए पर इतना सावधानी जरूर बरतें कि आपके सेलिब्रेशन से खुद का या किसी और का कोई नुकसान न हो , यह खुशी का मौका है ऐसे मौके पर किसी को दुख न पहुँचे।

हैप्पी न्यू ईयर।

Comments

Popular posts from this blog

BS-3 वाहन- डिस्काउंट के पीछे का सच

E-श्रमिक कार्ड बन रहा है

किसानों को किसान ही रहने दो